Headlines

लचर स्वास्थ्य सुविधाओं की खुली पोल : निमोनिया पीड़ित मासूम को 4 घंटे बाद मिला ऑक्सीजन, अस्पताल में मरीजों को नहीं किया जा रहा भर्ती

पिथौरा। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा में स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है. निमोनिया से पीड़ित तीन वर्षीय मासूम हिमांशु मुखर्जी को अस्पताल लाने के बाद चार घंटे तक ऑक्सीजन नहीं मिल सकी. परिजनों द्वारा लगातार गुहार लगाने के बावजूद मशीनें खराब मिलीं और सिलेंडर काम नहीं कर रहे थे. जानकारी के अनुसार, हिमांशु को सुबह 6 बजे सांस लेने में तकलीफ होने पर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे. स्टाफ से बार-बार गुजारिश के बावजूद कोई मदद नहीं मिल पाई. अस्पताल में मौजूद तीन ऑक्सीजन मशीनें खराब निकलीं और सिलेंडरों से गैस नहीं निकल रही थी. स्थिति गंभीर होने पर परिजनों ने मुख्यमंत्री चिकित्सा अधिकारी से फोन पर शिकायत की. साथ ही विधायक डॉ. संपत अग्रवाल को भी सूचना दी गई. विधायक प्रतिनिधि अनुप अग्रवाल और रविंदर आजमानी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. तब जाकर एक चालू मशीन से ऑक्सीजन लगाया गया. करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद मासूम को ऑक्सीजन दिया जा सका, जिसके करीब आधे घंटे बाद उसकी हालत में सुधार आया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *