गरियाबंद. जिले के फिंगेश्वर नगर में ट्रांसफार्मर पर डीओ (ड्रॉपआउट फ्यूज) चढ़ाने के दौरान एक ठेका श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गया. 28 वर्षीय वेद राम साहू सेंदर करंट की चपेट में आ गए. हादसा इतना भयावह था कि करंट लगते ही युवक के दोनों पैरों में घुटनों के नीचे से चिंगारी और धुआं उठने लगा. आनन-फानन में घायल को फिंगेश्वर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे रायपुर कालड़ा बर्न हॉस्पिटल मे रेफर किया गया है. इलाज के दरमियान युवक की हालत गंभीर बनी हुई है. घटना स्थल पर मची अफरा-तफरी के बाद करंट से झुलसे युवक को साथी अस्पताल लेकर पहुंचे. फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर विपिन लहरे ने बताया कि घायल वेद राम साहू के दोनों पैर बुरी तरह झुलस गए हैं और सिर में भी गंभीर चोट का खतरा है. प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल रायपुर रेफर किया गया है.
बिजली विभाग की लापरवाही! ट्रांसफार्मर में डीओ चढ़ाने का काम कर रहा था ठेका श्रमिक, 33 केवी की सप्लाई अचानक हो गई चालू