रायपुर. पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय ने सम्बद्ध कॉलेजों में प्रवेश के लिए ओपन ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल अचानक बंद कर दिया है. इससे छात्र परेशान हो रहे हैं और उनके अभिभावक चिंतित हो गए हैं. वहीं कॉलेज भी परेशान हो रहे हैं. यह स्थिति तब है जबकि उच्च शिक्षा विभाग ने एकेडमिक कैलेण्डर जारी कर दिया है जिसके अनुसार 16 जून से प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होनी है. पोर्टल बंद होने का फायदा निजी विश्वविद्यालयों को मिल रहा है. बड़ी संख्या में स्टूडेंट निजी विश्वविद्यालयों के लिए रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं. प्राइवेट कॉलेज प्रिंसिपल एसोसिएशन जल्द रविवि प्रबंधन से मिलेगा और पोर्टल ओपन करने की मांग रखेगा. इस संबंध में जानकारी के अनुसार पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय ने 23 मई को अधिसूचना जारी की गई थी कि रविवि के सम्बद्ध शासकीय और अशासकीय महाविद्यालयों में स्नातक और स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पोर्टल 24 मई से ओपन की जा रही है. पोर्टल ओपन भी की गई थी लेकिन पिछले दिनों से अचानक पोर्टल बंद कर दी गई है.
रविवि का एडमिशन पोर्टल बिना सूचना बंद, छात्र हो रहे परेशान