Headlines

रायगढ़ में भारी बवाल : विरोध के बाद भी घरों पर चला निगम का बुलडोजर, मौके पर पुलिस के आला अफसर समेत बड़ी संख्या में जवान तैनात

रायगढ़. शहर के जेल पारा से सटे मोहल्ले में प्रस्तावित मरीन ड्राइव के लिए घरों को तोड़ने को लेकर शुक्रवार से बवाल मचा हुआ है. आज फिर सुबह नगर निगम की टीम घरों को तोड़ने बुलडोजर लेकर मोहल्ले पहुंची, जेलपारा और प्रगति नगर इलाके में भारी संख्या में पुलिस की टीम भी तैनात है. मौके पर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य बड़े अधिकारी भी पहुंचे हैं. भारी तनाव के बाद भी घरों में बुलडोजर चलाकर घरों को तोड़ा जा रहा है. बता दें कि नगर निगम ने 100 से अधिक अवैध घरों को तोड़े जाने का नोटिस जारी किया है. इस मामले को लेकर कल देर रात मोहल्ले वासियों ने कलेक्टर बंगले का घेराव किया था. भारी विरोध के बाद भी आज तड़के निगम की टीम घरों को तोड़ने पहुंची है. अब तक तीन दर्जन से ज्यादा घरों को तोड़ा जा चुका है. जेलपारा और प्रगति नगर में घरों को तोड़ने को लेकर महिला कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है. भारी पुलिस बल के सामने घराें को तोड़ने का विरोध किया जा रहा है. इस कार्रवाई से आक्रोशित मोहल्लेवासी भी घरों को तोड़ने का विरोध कर रहे. रायगढ़ में तनाव की स्थिति है.  रायगढ़ में अवैध अतिक्रमण हटाने को लेकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, सरकारी जमीनों पर जिसका कब्जा होगा उसे शासन नोटिस देकर अवसर देती है. यदि कब्जा नहीं हटता तो और कोई विकल्प नहीं होता. अवैध अतिक्रमण से आम लोगों को समस्या होती है इसलिए अवैध अतिक्रमण हटाना जरूरी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *