रायपुर. छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर से बिजली चोरी करने का पहला मामला राजधानी रायपुर से सामने आया है. पावर कंपनी की विजिलेंस टीम ने ब्राम्हणपारा क्षेत्र में एक उपभोक्ता के यहां मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली बायपास करने का मामला पकड़ा है. ऑनलाइन सिस्टम से मिली सूचना के आधार पर अधिकारियों ने मौके पर दबिश दी. जांच में चोरी की पुष्टि होने पर एफआईआर दर्ज कराई गई. दरअसल, मामला लाखेनगर जोन के ब्राम्हणपारा इलाके का है, जहां उपभोक्ता आलोक शर्मा के घर लगे स्मार्ट मीटर में छेड़छाड़ की जानकारी गुढ़ियारी स्थित कंट्रोल रूम को मिली. तकनीकी टीम ने इसकी सूचना संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को दी, जिसके बाद 4 जुलाई को विजिलेंस की टीम ने छापा मारा. जांच में स्मार्ट मीटर की बॉडी क्रैक मिली और उसके सील टूटे हुए थे. इसके बाद मीटर को जब्त कर भिलाई के सेंट्रल लैब भेजा गया, जहां 10 जुलाई को उपभोक्ता की उपस्थिति में जांच हुई. रिपोर्ट में यह पुष्टि हुई कि मीटर के दोनों बॉक्स की सील तोड़कर अंदर छेड़खानी की गई थी.
CG में स्मार्ट मीटर से बिजली चोरी का पहला मामला, उपभोक्ता पर लगा 87,000 का जुर्माना, FIR दर्ज