मुंगेली। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को प्रभावी एवं पारदर्शी तरीके से क्रियान्वित किया जा रहा है। गणना प्रपत्र भरने और डिजिटाइजेशन में मुंगेली जिला प्रदेश में पहले स्थान पर है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार लगातार समीक्षाएं लेकर पूरे अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस, राजनीतिक दलों की बैठक, नगरपालिका प्रतिनिधियों के साथ चर्चा एवं स्वयं गणना प्रपत्र भरकर पूरे जिले को संदेश दिया कि मतदाता सूची शुद्धिकरण कार्य लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कलेक्टर कुंदन कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि गणना प्रपत्र भरने और डिजिटाइजेशन में मुंगेली जिला प्रदेश में सबसे शीर्ष स्थान पर है, याने प्रदेश में प्रथम स्थान पर। गणना पत्रकों के माध्यम से दोहरी प्रविष्टियों को रोकने तथा नए मतदाताओं को जोड़ने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। जिले में क्लस्टर स्तर पर डिजिटाइजेशन सेंटर बनाए गए हैं जहाँ मास्टर ट्रेनर और तकनीकी विशेषज्ञ त्वरित गति से कार्य संपन्न करा रहे हैं। दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों, विशेषकर अचानकमार टाइगर रिजर्व में विशेष वाहक लगाकर गणना प्रपत्रों को नेटवर्क क्षेत्रों में लाकर डिजिटाइज किया जा रहा है। उन्होंने बताया, निर्वाचक नामावली का एन्युमिरेशन एवं मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण 4 दिसंबर तक पूरा किया जाएगा। 9 दिसंबर को प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित होगी, 9 दिसंबर से 8 जनवरी तक दावा–आपत्ति, 31 जनवरी तक निराकरण तथा 7 फरवरी 2026 को अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।
शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन करने वाले बीएलओ सम्मानित
मतदाता सूची अद्यतन कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे बीएलओ को कलेक्टर ने सम्मानित भी किया। मुंगेली विधानसभा के खपरी केंद्र की बीएलओ ओंकारेश्वरी जोशी जांगड़े, लोरमी क्षेत्र की सुनीता राजपूत, लछनपुर की निर्मला कुर्रे और कुधुरताल की सरिता भास्कर को शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन करने के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। खासकर बीएलओ ओंकारेश्वरी जोशी को उनके उत्कृष्ट, जिम्मेदार और समर्पित कार्य के लिए अलग से सराहते हुए सम्मानित किया गया। उन्होंने घर-घर जाकर गणना पत्रक वितरण, दस्तावेज़ सत्यापन, ऑफलाइन-ऑनलाइन आवेदन एंट्री, अनुपलब्ध मतदाताओं से कई बार संपर्क जैसे चुनौतीपूर्ण कार्य अत्यंत सावधानी और दक्षता से पूरे किए। उनका कार्य जिले में प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करता है।