Headlines

एग्रीस्टैक के बहाने जमीन करवा लिया अपने नाम, कलेक्टर ने जांच कर FIR के दिए निर्देश, इधर भर्ती में विलंब पर DPO को शो-कॉज नोटिस

मुंगेली। कलेक्टर कुंदन कुमार ने जनदर्शन के दौरान प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए विभागीय अधिकारियों को त्वरित और निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी तारतम्य में जनदर्शन में लोरमी विकासखंड के ग्राम बरबसपुर की निवासी जानकी बाई ने भूमि पंजीयन में गंभीर धोखाधड़ी की शिकायत प्रस्तुत की। कलेक्टर ने इस प्रकरण को अत्यंत गंभीर माना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल जांच कर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भूमि संबंधी धोखाधड़ी जैसे संवेदनशील मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जानकी बाई ने बताया कि राजस्व अभिलेख में उनके नाम दर्ज 1.34 एकड़ भूमि को रिकॉर्ड दुरुस्तीकरण के नाम पर आरोपियों ने छलपूर्वक अपने नाम पर विक्रय पत्र (रजिस्ट्री) करवा लिया। उन्होंने यह भी बताया कि विक्रय पत्र में दर्शाई गई 06 लाख रुपये की राशि उन्हें न तो नगद मिली है और न ही उनके बैंक खाते में हस्तांतरित की गई है। आवेदिका ने आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। जानकी बाई की शिकायत पर कलेक्टर ने सख्ती दिखाते हुए अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। जिला कलेक्टोरेट परिसर स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय का कलेक्टर कुंदन कुमार ने आज औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय गतिविधियों, विभिन्न पदों हेतु चल रही भर्ती प्रक्रिया तथा कार्यालय परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। कलेक्टर ने विभिन्न पदों के लिए चल रही भर्ती में अनावश्यक विलंब पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय-सीमा में शीघ्र पूर्ण की जाए, ताकि विभागीय कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *