रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वर्चुअल माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के पांच अमृत स्टेशन सहित देशभर के 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया. इन स्टेशनों का उन्नयन यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है. इस महत्वपूर्ण अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए. छत्तीसगढ़ के जिन अमृत स्टेशनों का उद्घाटन हुआ उनमें बिलासपुर मंडल का अम्बिकापुर स्टेशन, रायपुर मंडल का उरकुरा, भिलाई और भानुप्रतापपुर स्टेशन और नागपुर मंडल का डोंगरगढ़ स्टेशन शामिल हैं. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आदिवासी बहुल सरगुजा जिले का मुख्यालय अंबिकापुर सहित छत्तीसगढ़ के 05 रेल्वे स्टेशन अब रेल्वे मानचित्र में प्रमुख स्टेशन के रूप में शामिल हो गए हैं. उन्होंने छत्तीसगढ़ में अमृत स्टेशनों के सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है. अंबिकापुर में आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री राम विचार नेताम, वित्त ओपी चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला और बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, लोकसभा सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक राजेश अग्रवाल, उद्धेश्वरी पेकरा, शंकुतला र्पोते, मुख्य सचिव अमिताभ जैन संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, आई.जी. दीपक झा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे.
PM नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के 5 अमृत स्टेशनों का किया उद्घाटन, CM साय अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन उद्घाटन कार्यक्रम में हुए शामिल